बिजनौर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत केंद्र बिजनौर द्वारा राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (एनवाईवी) चयन प्रक्रिया के तहत पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार का आयोजन 5 जून 2026 को किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया के अंतर्गत प्रातः 9 बजे से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, जबकि प्रातः 10 बजे से साक्षात्कार प्रारंभ होगा। यह कार्यक्रम माय भारत केंद्र बिजनौर कार्यालय, ट्रक यूनियन कार्यालय के निकट, मालती नगर, बिजनौर में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र के साथ पहचान पत्र, शैक्षिक प्रमाण-पत्र, जन्म प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां तथा स्वप्रमाणित छायाप्रतियां अनिवार्य रूप से साथ लानी होंगी। बिना आवश्यक दस्तावेजों के अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है।
जिला युवा अधिकारी ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक युवाओं को समाज सेवा, नेतृत्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। चयन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी माय भारत केंद्र बिजनौर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।












