Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में पुलिस भर्ती परीक्षा पर बैठक:जिलाधिकारी ने स्वतंत्र व निष्पक्ष आयोजन...

बहराइच में पुलिस भर्ती परीक्षा पर बैठक:जिलाधिकारी ने स्वतंत्र व निष्पक्ष आयोजन के दिए निर्देश


बहराइच में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई, जिसमें केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट शामिल हुए। यह लिखित परीक्षा 8 से 10 जून तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। डीएम ने परीक्षा अवधि के दौरान भ्रामक खबरों पर अंकुश लगाने के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर पेपर, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, सनग्लास, वॉलेट, कैप, ज्वेलरी, खाद्य सामग्री, मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, घड़ी, चाबी, ब्लूटूथ, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने केंद्रों पर लगातार भ्रमणशील रहने और सीसीटीवी कैमरों तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी परीक्षा कक्षों की निगरानी करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत पुरुष और महिला परीक्षार्थियों की तलाशी का कार्य क्रमशः पुरुष और महिला आरक्षकों द्वारा किया जाएगा। एसपी ने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र परिसर के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे। इस बैठक में नोडल अधिकारी प्रशासन/अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, नोडल अधिकारी पुलिस/अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, डीआईओएस सर्वदानंद, विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments