HomeUncategorizedएण्टी करप्शन कार्रवाई के विरोध में राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल संघ का...

एण्टी करप्शन कार्रवाई के विरोध में राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल संघ का बड़ा फैसला, समाधान दिवस का बहिष्कार

बस्ती, रुधौली तहसील समाधान दिवस शनिवार को उ०प्र० राजस्व निरीक्षक संघ जनपद शाखा बस्ती एवं उ०प्र० लेखपाल संघ जनपद शाखा बस्ती की संयुक्त बैठक शुक्रवार को सम्पन्न हुई। बैठक में तहसील सदर में तैनात राजस्व निरीक्षक अशर्फीलाल की एण्टी करप्शन टीम द्वारा की गई गिरफ्तारी के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि दिनांक 03 जून 2026 को तहसील सदर परिसर स्थित पुराने राजस्व निरीक्षक भवन से राजस्व निरीक्षक अशर्फीलाल को सरकारी कार्य के दौरान एण्टी करप्शन टीम द्वारा बिना पर्याप्त साक्ष्य के गिरफ्तार किया गया। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि मौके पर न तो हाथ धुलवाने की प्रक्रिया अपनाई गई और न ही अशर्फीलाल के हाथ अथवा जेब से कोई धनराशि बरामद हुई, इसके बावजूद गिरफ्तारी की गई, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।
संयुक्त बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि भविष्य में एण्टी करप्शन टीम द्वारा किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी की स्थिति में प्रमाणिकता सुनिश्चित करने हेतु मौके पर ही हाथ धुलवाने जैसी आवश्यक कार्रवाई की जाए। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि थाने पर ले जाकर की जाने वाली ऐसी कार्यवाही की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
बैठक में थाना कोतवाली में दर्ज एफआईआर संख्या 0245/2026 का भी विरोध किया गया। संघ का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में धनराशि बरामद न होने तथा मौके पर हाथ न धुलवाए जाने को लेकर उपस्थित कर्मचारियों द्वारा स्वाभाविक रूप से सवाल उठाए गए थे। एण्टी करप्शन टीम द्वारा लेखपाल राजेश सहित 25 से 30 अज्ञात लेखपालों, कानूनगो एवं तहसील कर्मचारियों के विरुद्ध दर्ज कराई गई एफआईआर को संघ ने निराधार बताते हुए वापस लेने की मांग की है।
संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उक्त घटना के विरोध में तथा दर्ज एफआईआर के प्रतिरोध स्वरूप दिनांक 06 जून 2026 को जनपद बस्ती की सभी तहसीलों में आयोजित होने वाले तहसील समाधान दिवस का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आगे की रणनीति तय कर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments