श्रावस्ती जिले के जमुनहा क्षेत्र में विकास के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहां राप्ती नदी पर पुल न होने से नौ गांवों के हजारों ग्रामीणों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। सेमरहनिया घाट पर पुल न होने के कारण हल्का जलस्तर बढ़ने पर भी लोगों को नाव से उतरकर घुटनों तक पानी में चलकर नदी पार करनी पड़ती है। तेज बहाव और फिसलन के कारण यह सफर बेहद खतरनाक हो जाता है। पश्चिमी तट पर स्थित लक्ष्मनपुर सेमरहनिया, पोदिला, लक्ष्मनपुर, धोबिहा, सुखरामपुरवा और नासिरगंज जैसे गांव तथा पूर्वी तट के संगमपुरवा, बद्रीपुरवा, मानपुरवा, मक्कूपुरवा व बढ़इनपुरवा के ग्रामीण जिला मुख्यालय भिनगा पहुंचने के लिए यह जोखिम उठाने को मजबूर हैं। अगर ग्रामीण वैकल्पिक मार्ग चुनते हैं, तो उन्हें बदला-नासिरगंज होते हुए बरदेहरा मोड़ तक लगभग 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। बरसात में बदतर हालात, गोद में बच्चे और लाठी के सहारे बुजुर्ग ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। नावों की सीमित उपलब्धता और बढ़े हुए किराए के कारण कई बार लोगों को मजबूरन उफनती नदी के पानी में उतरकर उसे पार करना पड़ता है। इस दौरान महिलाएं मासूम बच्चों को गोद में लेकर और बुजुर्ग लाठी के सहारे नदी पार करते देखे जाते हैं, जो किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा है। ग्रामीणों की मांग: ‘अब तो बना दो पुल’ लक्ष्मनपुर सेमरहनिया निवासी रामआसरे यादव, नासिरगंज के मोहम्मद रफीक, पोदिला गांव के शिवकुमार वर्मा, संगमपुरवा निवासी श्यामलाल निषाद, बद्रीपुरवा के राकेश श्रीवास्तव और मानपुरवा निवासी सुरेश पासी सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र पुल निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हर चुनाव में यह मुद्दा उठता है, लेकिन वोटिंग के बाद नेता इसे भूल जाते हैं। नासिरगंज निवासी अधिवक्ता मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कई वर्ष पहले पुल निर्माण के लिए सर्वे किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई धरातल पर नहीं दिखी। इस संबंध में भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा ने कहा कि पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार उनकी वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी हल निकल पाएगा।
श्रावस्ती में विकास की नाव बीच मंझधार में:राप्ती नदी पर पुल नहीं, 9 गांवों के हजारों लोग रोज हथेली पर जान रखकर कर रहे सफर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












