बहराइच जिले के शिवपुर विकास खंड अंतर्गत बेहड़ा विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में ट्रांसफार्मर मरम्मत कार्य के दौरान एक व्यक्ति के झुलसने का मामला सामने आया है। घटना में संविदा कर्मी का सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, चौकसाहार फीडर से जुड़े गुजराती पुरवा गांव में स्थापित 100 केवीए ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद मरम्मत कार्य कराया जा रहा था। संविदा कर्मी रिंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत मरम्मत कार्य में लगे हुए थे। मरम्मत के दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल होने से कार्यस्थल पर करंट प्रवाहित हो गया। इस दौरान रिंकज कुमार मिश्रा नीचे गिर गए, जबकि उनके सहयोगी घसीटे पुत्र मिश्रीलाल गंभीर रूप से झुलस गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के संबंध में संविदा कर्मी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हो गई है। अधीक्षण अभियंता विद्युत इंजीनियर अनुभव कुमार ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच में जुटा है।
शटडाउन के बाद बिजली चालू, संविदा कर्मी झुलसा:बहराइच में विभागीय जांच शुरू
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












