श्रावस्ती जनपद के इकौना क्षेत्र में मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में 13 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जनपद के कूड़ी गांव निवासी 27 वर्षीय गोविंद चौरसिया श्रावस्ती में पुलिस भर्ती परीक्षा देकर बाइक से इकौना के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। वहीं, भोजपुर निवासी 13 वर्षीय करिश्मा अपने 22 वर्षीय जीजा जितेंद्र के साथ बाइक से सेमरी कोल्ड ड्रिंक लेने जा रही थी। जितेंद्र की बाइक जैसे ही भोजपुर के पास पक्की सड़क पर पहुंची, सामने से आ रही गोविंद की बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में करिश्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोविंद और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल भिनगा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल गोविंद को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया। मृतका करिश्मा के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में कमाने वाला कोई स्थायी सदस्य नहीं है। करिश्मा तीन बहनों और 17 वर्षीय भाई श्याम में सबसे छोटी थी और भोजपुर प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 7 की छात्रा थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। यह हादसा घर से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर हुआ। पुलिस ने मृतका की मां शांति देवी की तहरीर पर बाइक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
श्रावस्ती में दो बाइकों की टक्कर,13 वर्षीय छात्रा की मौत:दो युवक हुए घायल, एक की हालत गंभीर; किशोरी की मां की तहरीर पर मामला दर्ज
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












