#बस्ती_न्यूज
बस्ती, 11 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे योग जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज, बस्ती परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से हो रही तेज बारिश के बावजूद योग साधकों का उत्साह बना रहा और उन्होंने पूरे समर्पण के साथ योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। यह कार्यक्रम भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं इंडियन योग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। पतंजलि योग समिति बस्ती के जिला प्रभारी सुभाष चंद्र आर्य ने साधकों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराते हुए कहा कि प्रकृति हमें निरंतर कर्म करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने जोर दिया कि बारिश जैसी परिस्थितियां हमारे संकल्प की परीक्षा लेती हैं और बस्ती के योग साधकों ने इस परीक्षा में अपनी प्रतिबद्धता सिद्ध की है। आर्य ने आगे कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक ऐसी कला है जो हर परिस्थिति में संतुलन और समभाव बनाए रखना सिखाती है। कार्यक्रम में सुभाष वर्मा और भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मालवीय रोड स्थित हरि मैरेज हॉल में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर एक विशेष योग समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जनपद स्तर पर तेजी से चल रही हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की। भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के महामंत्री डॉ. नवीन सिंह ने योग के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और अनियमित जीवनशैली के बीच योग शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। इस अवसर पर योग शिक्षक जवाहर लाल रिजवी, राम अचल चौरसिया, जवाहर यादव, दीनानाथ शुक्ल, प्रमोद गुप्ता, आर्य राय, आर्यन चौधरी, राधे गुप्ता, रंजना त्रिपाठी, सुनीता राजपूत, फूलपरी, शशि यादव, उर्मिला चौधरी, शशि श्रीवास्तव, साधना पाण्डेय, मंजूषलता पाल सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
राजकीय इंटर कॉलेज में योगाभ्यास, बारिश के बावजूद साधक जुटे:बस्ती में 21 जून को हरि मैरेज हॉल में होगा मुख्य योग दिवस समारोह
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












