विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों से ग्रामीणों को किया गया जागरूक
श्रावस्ती। केंद्र सरकार के सफल एवं गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के टंडवा महंत सीताद्वार में बुधवार रात्रि एक विशाल जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना रहा। जन चौपाल में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा0 विधायक रामफेरन पाण्डेय ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मा0 प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए आयुष्मान भारत योजना, नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की।
जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार गुप्ता ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खेती तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न अनुदान योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
जन चौपाल में जिला उद्यान अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खनन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं तथा लाभार्थीपरक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं और पुरुषों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं तथा विकास संबंधी आवश्यकताओं को अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा। जन चौपाल के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का अवसर मिला, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
रात्रि जन चौपाल के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा0 अमरनाथ यति सहित समस्त विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।












