बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का उसके पिता ने बाल विवाह करा दिया। ससुराल में पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान वह बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मर्जी के खिलाफ उससे काफी अधिक उम्र के व्यक्ति से उसकी शादी कर दी थी। शादी के बाद उसे ससुराल भेज दिया गया, जहां उसके पति ने उसके साथ कथित तौर पर गंभीर अत्याचार किया और विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। लगभग 15 दिनों तक ससुराल में रहने और लगातार प्रताड़ना झेलने के बाद, पीड़िता किसी तरह अपने मायके पहुंची। वहां से उसने सीधे सुजौली थाने जाकर अपनी आपबीती बताई। पुलिस ने उसकी तहरीर पर पिता और पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच संबंधी कार्यवाही के लिए जब पीड़िता को जिला मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सेंटर लाया गया, तो वह अचानक बेहोश हो गई। एक महिला आरक्षी ने उसे तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। बाल कल्याण समिति (बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट) के चेयरमैन सतीश कुमार श्रीवास्तव ने अस्पताल पहुंचकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को बालिका के समुचित इलाज और खाने-पीने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती 16 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि अत्याचार के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में उसकी विभिन्न जांचें और अल्ट्रासाउंड कराए जा रहे हैं, और उसका इलाज जारी है।
बहराइच में पिता ने नाबालिग बेटी का कराया बाल विवाह:पति की प्रताड़ना से किशोरी बेहोश, जिला अस्पताल में भर्ती
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












