श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र में बुधवार को बहराइच-भिनगा फोरलेन मार्ग पर एक कार और बुलेट बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा बरदेहरा मोड़ के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक उछलकर कार के अगले शीशे पर जा गिरा। घायल बाइक सवार को उसके साथियों ने ऑटो की मदद से अस्पताल पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के मछरेहटा क्षेत्र के गुलाब पुरवा निवासी मनोज यादव कार चला रहे थे। बरदेहरा मोड़ के पास तेज रफ्तार बुलेट बाइक अचानक गलत दिशा से आ गई, जिससे दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के दोनों फ्रंट एयरबैग खुल गए और आगे का पहिया भी फट गया। दुर्घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलने पर डायल 112 और सोनवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। घायल बाइक चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बुलेट बाइक के गलत दिशा से आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। सोनवा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
श्रावस्ती में कार-बुलेट की टक्कर, बाइक सवार गंभीर घायल:बहराइच-भिनगा फोरलेन पर हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












