बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक में किसान इन दिनों नीलगायों के आतंक से परेशान हैं। नीलगायों के झुंड तैयार खड़ी रबी की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर रहे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। गेहूं की फसल कटाई के करीब पहुंच चुकी है, लेकिन नीलगायों के हमले से उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। स्थानीय किसानों के अनुसार, 10 से लेकर सैकड़ों की संख्या में नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर पकी हुई फसलों को निशाना बना रहे हैं। ये झुंड फसलों को रौंद देते हैं, जिससे कटाई में दिक्कत आती है और फसल का एक बड़ा हिस्सा बर्बाद हो जाता है। पोखरा निवासी किसान राम जियावन ने बताया कि फसल पूरी तरह पककर तैयार है, लेकिन नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर उसे रौंद रहे हैं, जिससे कटाई में भारी परेशानी हो रही है। मिरहां निवासी भगवान दास ने कहा कि नीलगायों के गुजरने से गेहूं की फसल इस कदर बिछ जाती है कि कंबाइन मशीन भी नहीं चल पाती, जिससे कटाई का खर्च बढ़ रहा है और फसल बर्बाद हो रही है। किसान प्रेम सागर ने भी इसी तरह की समस्या बताई। रखिया निवासी किसान मनोज यादव ने सरकार से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो किसान खेती करना छोड़ देंगे। क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से नीलगायों की रोकथाम के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस बार की रबी फसल को होने वाले भारी नुकसान से बचाया जा सके।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में नीलगायों का कहर, फसलें बर्बाद:कप्तानगंज ब्लॉक में किसान परेशान, प्रशासन से मदद की गुहार।
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










