Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कप्तानगंज में एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब:5000 लोग अंधेरे में, जनप्रतिनिधियों के...

कप्तानगंज में एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब:5000 लोग अंधेरे में, जनप्रतिनिधियों के घर के पास भी नहीं बदला

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज नगर पंचायत के रतास उर्फ कप्तानगंज मोहल्ले में बिजली आपूर्ति बाधित है। यहां 2 जुलाई को एक ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसे एक सप्ताह बाद भी नहीं बदला जा सका है। सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार, खराब ट्रांसफार्मर को 24 घंटे के भीतर बदलना होता है, लेकिन यहां यह दावा खोखला साबित हो रहा है। इस ट्रांसफार्मर से करीब 5 हजार लोगों को बिजली मिलती है। यह ट्रांसफार्मर स्थानीय सांसद राम प्रसाद चौधरी, विधायक अतुल चौधरी और नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी के आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधियों के घर के पास का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह में नहीं बदला जा सका, तो दूरदराज के गांवों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय निवासी सुमित चौधरी ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर अक्सर जल जाता है, जिससे लोगों को कई दिनों तक अंधेरे में रहना पड़ता है। हिमानी नामक एक अन्य निवासी ने कहा कि जब नगर पंचायत क्षेत्र में ही बिजली व्यवस्था का यह हाल है, तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति और भी खराब होगी। बिजली गुल होने से पेयजल संकट गहरा गया है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। क्षेत्र के सुनीत कुमार, त्यागी बाबा, आदिल खान, हनीफ खान, सिराज खान, राजकिशोर चौधरी, संजय चौधरी, राजेश कुमार चौधरी, प्रमोद कुमार चौधरी सहित कई लोगों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में अवर अभियंता रचित राम ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर जारी हो चुका है और इसे जल्द ही स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। हालांकि, यह सवाल बना हुआ है कि जब सरकार 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने का दावा करती है और दैनिक भास्कर ने तीन दिन पहले इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, तब भी 5 हजार लोग एक सप्ताह तक अंधेरे में रहने को मजबूर क्यों हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments