Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट:गार्ड-चौकीदारों के वेरिफिकेशन पर...

श्रावस्ती में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट:गार्ड-चौकीदारों के वेरिफिकेशन पर सबसे अधिक जोर, समस्याओं के समाधान का आश्वासन


श्रावस्ती में व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने पुलिस कार्यालय सभागार में रविवार 3:00 बजे सर्राफा व्यापारियों, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और ईंट भट्ठा स्वामियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को सामने रखा। उन्होंने खराब यातायात व्यवस्था, सड़कों पर अतिक्रमण, बस स्टैंड पर अवैध डग्गामार वाहनों का संचालन, पेट्रोल पंपों की सुरक्षा और स्कूल बसों की फिटनेस जैसे मुद्दों पर ध्यान आकर्षित कराया। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि बाजार क्षेत्रों में यातायात सुधार, अतिक्रमण हटाने, पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बाजारों में रात्रि गश्त और पुलिस पिकेट बढ़ाई जाएगी। बैंक और एटीएम के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। सुरक्षा के मद्देनजर, अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी व्यापारियों को अपने गार्ड और चौकीदारों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बाल श्रम न कराने, ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और आग जैसी घटनाओं से बचाव के लिए संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गार्ड और चौकीदारों का पुलिस वेरिफिकेशन न होने से जांच में अक्सर गंभीर कठिनाइयां आती हैं, इसलिए इस मामले में सख्ती से व्यापारी ध्यान दें। पुलिस प्रशासन ने यह भी साफ किया कि व्यापारियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments