श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र में असवा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों की पहचान सिसवारा गांव निवासी बाबू पुत्र सुल्तान और मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सुल्ताना गांव निवासी श्याम मनोहर के रूप में हुई है। बाबू गिलौला से अपने घर लौट रहे थे, जबकि श्याम मनोहर अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान असवा गांव के पास यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों के पैरों में गंभीर चोटें आईं। बाबू के पैर की कई उंगलियां कट गईं, वहीं श्याम मनोहर का पैर बुरी तरह टूट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
श्रावस्ती में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत:दो युवक गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर
RELATED ARTICLES












