लखनऊ। रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। ‘दो बूंद जिंदगी की’ नारे के साथ यह अभियान लगभग एक सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान माल ब्लॉक की 67 पंचायतों में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर बच्चों को यह दवा पिलाएंगे। अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिले से आए एसीएमओ प्रतिरक्षण अधिकारी अमिताभ श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन कुछ देशों में अभी भी पोलियो का खतरा बना हुआ है। ऐसे में इस बीमारी के दोबारा लौटने की आशंका बनी रहती है, इसलिए समय-समय पर यह अभियान चलाया जाता है। श्रीवास्तव ने बूथ पर आए नागरिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा में कोई चूक न करें।
उन्होंने जोर दिया कि पोलियो की खुराक हर बार दिलाएं और देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस अभियान के तहत जिले से आए अधिकारियों ने गौरैया गांव में चल रहे बूथ का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अर्बन कोल्ड चेन हैंडलर (ट्रेनर) कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, माल सीएचसी कोल्ड चेन हैंडलर राज सिंह और सुपरवाइजर श्री कृष्ण भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी लोगों को जागरूक किया और पोलियो वैक्सीन को पूरी तरह सुरक्षित बताया।












