सिद्धार्थनगर के खेसरहा विकासखंड की ग्राम पंचायत छितही में लाखों रुपये की लागत से निर्मित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र (आरआरसी सेंटर) आज भी अपनी उपयोगिता साबित नहीं कर सका है। गांव से निकलने वाले ठोस कचरे के वैज्ञानिक संग्रहण एवं निस्तारण के उद्देश्य से बनाया गया यह केंद्र निर्माण के बाद से नियमित रूप से संचालित नहीं हो पाया है, जिसके कारण यह शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र के बंद पड़े रहने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है और सरकारी धन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। रखरखाव के अभाव में भवन के कुछ हिस्सों में भी जर्जरता दिखाई देने लगी है। ग्रामीण पवनसुत ने कहा, “सरकार ने अच्छी योजना के तहत अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र बनवाया, लेकिन संचालन न होने से ग्रामीणों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।” ग्रामीण विशाल ने बताया, “यदि नियमित रूप से कचरा संग्रहण और निस्तारण शुरू हो जाए तो गांव की सफाई व्यवस्था बेहतर हो सकती है।” ग्रामीण विक्रम ने प्रशासन से इस ओर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की। सुभाष मिश्रा ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य गांवों को स्वच्छ बनाना है, लेकिन संचालन के अभाव में यह केंद्र निष्प्रयोज्य बना हुआ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द इसे चालू कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ग्राम प्रधान मूर्ति देवी ने बताया कि अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र के नियमित संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होते ही केंद्र को संचालित कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को योजना का पूरा लाभ मिल सके।
लाखों की लागत से बना अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र शोपीस:छितही में संचालन न होने से ग्रामीणों में नाराजगी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












