पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त किए गए 9 करोड़ 32 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को सोमवार की शाम नष्ट कर दिया गया। इन मादक पदार्थों में स्मैक, गांजा और चरस शामिल थे, जिन्हें तस्करों से बरामद किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत की गई। जनपद के विभिन्न थानों पर अवैध मादक पदार्थों से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए न्यायालय द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) का गठन किया गया था। इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा जनपद के थानों में पंजीकृत कुल 62 अभियोगों में बरामद 191.46 किलोग्राम स्मैक, चरस, गांजा और पोस्ता का छिलका नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 9 करोड़ 32 लाख 16 हजार 900 रुपये थी। इन सभी मादक पदार्थों को पड़ोसी जनपद बलरामपुर में स्थित भगवतीगंज चीनी मिल पावर प्लांट के इन्सिनेटर (भस्मक) के माध्यम से नष्ट किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने आम जनता से मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील की। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की बिक्री के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल स्थानीय थाने को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
9 करोड़ 32 लाख के मादक पदार्थ नष्ट:बहराइच में विभिन्न थाना क्षेत्रों से हुई थी बरामदगी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












