HomeHealth & Fitnessक्या आज टीम इंडिया से डेब्यू करेंगे वैभव सूर्यवंशी? इंस्टाग्राम पोस्ट से...

क्या आज टीम इंडिया से डेब्यू करेंगे वैभव सूर्यवंशी? इंस्टाग्राम पोस्ट से बढ़ीं अटकलें

मैनचेस्टर: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट से इंटरनेशनल डेब्यू की अटकलों को हवा दे दी है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले से पहले वैभव ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी तस्वीर के साथ “New Chapter” लिखा। इसके बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि क्या उन्हें आज टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

वैभव इस समय भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं। इससे पहले आयरलैंड दौरे के दौरान भी उनके डेब्यू की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं बने। अब दूसरे मुकाबले से पहले उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी ने अटकलों को और तेज कर दिया है।

हालांकि, गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने मैच से पहले संकेत दिए थे कि टीम प्रबंधन ज्यादा बदलाव के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा टी20 के नंबर-1 बल्लेबाज हैं और संजू सैमसन ने भी पिछले टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में टीम खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहती है। मॉर्कल के बयान से यह साफ हुआ कि टीम बिना ठोस वजह के बड़े बदलाव नहीं करना चाहती।

वैभव को पहले दो मैचों में मौका नहीं मिलने पर सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और एबी डिविलियर्स जैसे पूर्व क्रिकेटरों ने भी सवाल उठाए थे। उनका मानना था कि जब टीम युवा खिलाड़ियों को साथ लेकर गई है तो उन्हें अवसर भी मिलना चाहिए।

15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने वैभव ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इंडिया-ए के लिए श्रीलंका-ए के खिलाफ 11 गेंदों में सबसे तेज लिस्ट-ए अर्धशतक लगाया था। वहीं आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से 776 रन बनाए और एक शतक भी जड़ा। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या मैनचेस्टर में आज होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार भारत की ओर से इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलेगा या नहीं

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments