कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने शनिवार को बंगाल प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को पत्र लिखकर न केवल प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ा, बल्कि पार्टी में अपने अन्य सभी पदों से भी इस्तीफा दे दिया।
पीटीआई के अनुसार, चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी के बैंक खातों की अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता और निर्वाचन आयोग के समक्ष ममता बनर्जी की अधिकृत प्रतिनिधि की जिम्मेदारी भी छोड़ दी है। उनके इस फैसले से पार्टी में अंदरूनी मतभेद और गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चंद्रिमा भट्टाचार्य को 5 जून को ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में बंगाल प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने वरिष्ठ नेता सुब्रत बख्शी की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। उनकी नियुक्ति 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद संगठन में बदलाव की प्रक्रिया के तहत की गई थी।
चंद्रिमा भट्टाचार्य ममता बनर्जी सरकार में वित्त और स्वास्थ्य विभाग में राज्य मंत्री रह चुकी हैं और पार्टी की महिला इकाई की भी प्रमुख नेताओं में शामिल रही हैं। वह लगातार तीन बार विधायक चुनी गईं, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में दमदम उत्तर सीट से भाजपा उम्मीदवार सौरव सिकदार के हाथों हार गई थीं। फिलहाल उनके इस्तीफे पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।












