बहराइच जिले के वेलहन महेशपुर गांव में तीन साल पहले निर्मित पानी की टंकी से ग्रामीणों को अभी तक शुद्ध पेयजल नहीं मिल पाया है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण साफ पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की टंकी बने तीन साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा। उनका कहना है कि सरकारी कार्य केवल कागजों पर हो रहा है और जमीनी स्तर पर कोई प्रगति नहीं हुई है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जल निगम के किसी भी अधिकारी ने इस पर ध्यान नहीं दिया है। क्षेत्र में कुल चार पानी की टंकियों का निर्माण किया गया था, जिनमें से किसी से भी ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो सका है। इस संबंध में जब जल निगम के अधिकारी संदीप जायसवाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनके असिस्टेंट ने फोन उठाया। असिस्टेंट ने बताया कि ‘सर कहीं गए हैं, आ जाएंगे तब फिर आपकी बात करेंगे’ और फोन काट दिया। एक घंटे इंतजार के बाद दोबारा फोन करने पर उन्होंने जवाब नहीं दिया। बाद में, जल निगम के अधिकारी संदीप जायसवाल से दोबारा संपर्क करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि ग्रामीणों को अभी तक पानी नहीं मिला है। जायसवाल ने आश्वासन दिया कि इस समस्या का जल्द ही निदान किया जाएगा।
बहराइच में तीन साल से पानी टंकी निष्क्रिय:वेलहन महेशपुर के ग्रामीण शुद्ध पेयजल को तरस रहे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












