बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में सरयू नहर में मगरमच्छ के हमले से एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला का शव रविवार सुबह नहर से बरामद किया गया। मगरमच्छ ने महिला के शरीर को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। मृतका की पहचान मोहकमपुरवा, ग्राम पंचायत चफरिया निवासी केतकी (55 वर्ष) पत्नी रमेश के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि केतकी शनिवार शाम पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। रातभर घर न लौटने पर परिजन चिंतित थे। रविवार सुबह करीब 9 बजे रमपुरवा गांव के पास सरयू नहर के 10 नंबर पुल से लगभग 600 मीटर दूर ग्रामीणों ने नहर में एक मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। रमपुरवा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद वर्मा ने ग्रामीणों की सहायता से मगरमच्छ के चंगुल से शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने एसआई मारकंडे मिश्रा और सत्तार को घटनास्थल पर भेजा। लेखपाल अरुण कुमार और ग्राम प्रधान चफरिया अजीज अहमद ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। महिला का शव उसके घर से लगभग 3 किलोमीटर दूर मिला। पुलिस टीम ने लेखपाल और ग्राम प्रधान की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों के अनुसार, कतर्नियाघाट क्षेत्र में बारिश के बाद मगरमच्छ के हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं।
55 वर्षीय महिला को मगरमच्छ ने बनाया निवाला:शादी में शामिल होने निकली थी, सरयू नहर से मिला शव
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












