Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में बीसीडीए की नई जिला समिति की पहली बैठक:राजेश कुमार सिंह...

बस्ती में बीसीडीए की नई जिला समिति की पहली बैठक:राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई संपन्न

#बस्ती_न्यूज

बस्ती केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (बीसीडीए) की नई जिला कार्य समिति की पहली बैठक स्टेशन रोड स्थित एक होटल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बीसीडीए के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन महामंत्री अशोक कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर नई कार्यसमिति के सभी पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। संरक्षक राना दिनेश प्रताप सिंह ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही एक शैक्षणिक कार्यशाला का भी आयोजन हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जन सेवा के कार्य में हमें ‘रूल’ का नहीं, बल्कि ‘रोल’ का आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि यदि कोई व्यक्ति समाधान का हिस्सा नहीं बनता, तो वह स्वयं समस्या का कारण बनता है, इसलिए हमें हमेशा समाधान के बारे में सोचना चाहिए। नवागत डी.एल.ए. दीपा लाल जी ने दूरभाष के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने दवा व्यवसायियों से ड्रग एक्ट के अनुसार स्वच्छ और सुचारू रूप से दवा का व्यवसाय करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी दवा न बेचें, जिसे आप अपने परिवार के सदस्यों को देने में संकोच महसूस करते हों। बैठक में नवागत औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार का बुके देकर स्वागत किया गया। उन्होंने शैक्षणिक कार्यशाला के दौरान नई दवा नीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सरकार की नीतियों को दवा व्यवसायियों के साथ साझा करते रहेंगे, ताकि उन्हें व्यावहारिक रूप देने में कोई कठिनाई न हो। औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में थोक दवा व्यवसायियों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) चल रहा है। उन्होंने सभी से इस कार्रवाई से संबंधित प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा करके सत्यापन कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी दवा व्यवसायियों के प्रतिष्ठान के बोर्ड पर दवा लाइसेंस नंबर और जीएसटी नंबर अंकित होना अनिवार्य है। अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने औषधि निरीक्षक को आश्वस्त किया कि संगठन हर संभव प्रयास करेगा कि उसके दवा व्यवसायी शासन की मंशा के अनुरूप ही दवा का व्यवसाय करें।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments