HomeHealth & Fitnessराजस्थान के श्रीगंगानगर में सेना के ट्रक और एम्बुलेंस में टक्कर, तीन...

राजस्थान के श्रीगंगानगर में सेना के ट्रक और एम्बुलेंस में टक्कर, तीन की मौत, दो गंभीर

श्रीगंगानगर(राजस्थान)। श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में आज सुबह नेशनल हाइवे-62 पर सेना के ट्रक और एक निजी एम्बुलेंस के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना में एम्बुलेंस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

यह हादसा सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में 22 एलजीडब्लयू के पास हुआ। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तत्काल सूरतगढ़ के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक हिंदुमलकोट थाना क्षेत्र के 5 बी कोनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी, राजस्थान, लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार, तड़के करीब 5:30 बजे सूरतगढ़–श्रीगंगानगर मार्ग पर केंचियां कस्बे के निकट एक सिविल एम्बुलेंस ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे सेना के एएलएस (एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट) वाहन से टकरा गई।

हादसे में तीन नागरिकों की मृत्यु हो गई, जबकि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भारतीय सेना ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए जांच में नागरिक प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments