UP: वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र में प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए ले जाए जा रहे पांच लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी आकाश सेठ के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह संयुक्त टीम को आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से आशीष मौर्य को भी हिरासत में लिया गया, जबकि अभियान चलाकर कुल आठ आरोपियों को पकड़ा गया।
Also Read: गोदाम में चल रही थी धर्म परिवर्तन की बैठक! मुजफ्फरनगर में कथित धर्म परिवर्तन का खुलासा
लूट की पूरी रकम और हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पूरे पांच लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा एक पिस्टल, दो खोखा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार और बुलेट मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। अधिकारियों के अनुसार, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद रामनगर क्षेत्र में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
आठ आरोपियों से पूछताछ जारी
इस मामले में पुलिस ने आकाश सेठ, आशीष मौर्य, सिपाही उर्फ विजय यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, अमित कुमार और जावेद अख्तर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Also Read: ‘चढ़ावा, चोरी, SIT, FIR से चंपत राय के इस्तीफे तक…’, अयोध्या केस की पूरी क्रोनोलॉजी
पुलिस टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
लूटकांड के सफल खुलासे पर काशी जोन के पुलिस उपायुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













