भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मोतीपुर इकाई ने सोमवार को उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने खाद की कालाबाजारी, बिजली संकट, सड़क पर अतिक्रमण और गन्ना भुगतान जैसी प्रमुख समस्याओं को उठाया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी और सरकारी समितियों पर यूरिया तथा डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है। निजी दुकानदार खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं और निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेच रहे हैं। यूनियन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और किसानों को आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। मोतीपुर विद्युत उपखंड में किसान लगातार कम वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या का सामना कर रहे हैं। धान की रोपाई और सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली की कमी से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि अवर अभियंता (जेई) और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) द्वारा बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती। उन्होंने नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। कारी कोट मेला मैदान से रामपुरवा, मटेही, चफरिया गांव होते हुए चफरिया बाजार तक की सड़क पर अवैध अतिक्रमण है। इसके अलावा, अवैध स्पीड ब्रेकर के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यूनियन ने इन अतिक्रमणों और अवैध स्पीड ब्रेकरों को हटाने की मांग की है। बजाज चीनी मिल लखीमपुर के अंतर्गत बहराइच में किसानों के सात गन्ना क्रय केंद्र हैं। इन केंद्रों से जुड़े किसानों का पिछले एक साल से गन्ने का भुगतान लंबित है। भारतीय किसान यूनियन ने तत्काल गन्ना भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो किसानों के हित में मोतीपुर तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में गुरु प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, गुरुवंत सिंह विर्क, मलकीत सिंह, सहनवाज, आलोक मौर्य और सिमर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
बहराइच में किसान यूनियन ने SDM को सौंपा ज्ञापन:खाद-बिजली, गन्ना भुगतान पर एक हफ्ते में धरने की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












