*
रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
परसामलिक (महराजगंज)। स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत दो वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। यह कार्रवाई माननीय ग्राम न्यायालय नौतनवा द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में की गई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 13/2023 (धारा 323/504 भादवि) से जुड़े दो अभियुक्तों यूनुस पुत्र यूसुफ और रिजवान पुत्र आसिर अली (दोनों निवासी ग्राम दोगहरा, उम्र करीब 50 वर्ष) को उनके निवास स्थान के समीप से गिरफ्तार किया। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के कड़े रुख के बाद जिले में वारंटियों के खिलाफ पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह यादव के साथ कांस्टेबल रामप्रवेश गौड़ और कांस्टेबल लालजी यादव मुस्तैद रहे। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों वारंटियों का चालान कर उन्हें विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।












