#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के कप्तानगंज विकासखंड में अन्य विकासखंडों से स्थानांतरित होकर आए 33 सफाई कर्मचारियों की ग्राम पंचायतों में अब तक तैनाती नहीं हो सकी है। आरोप है कि ये कर्मचारी पिछले लगभग एक महीने से ब्लॉक मुख्यालय पर ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जिससे कई ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है।गुनाव, रमवापुर कला, कठार जंगल और नरहरपुर सहित कई ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण नालियों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण का कार्य बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में साफ-सफाई की आवश्यकता बढ़ जाती है, ऐसे में कर्मचारियों की तैनाती न होने से गांवों में गंदगी फैलने और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है।सूत्रों के अनुसार, इन 33 सफाई कर्मचारियों की ग्राम पंचायतवार तैनाती का प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को भेजा जा चुका है। डीपीआरओ से अनुमोदन मिलने के बाद सभी कर्मचारियों को संबंधित ग्राम पंचायतों में तैनात कर दिया जाएगा।इस मामले में यह सवाल उठ रहा है कि जब विकासखंड की कई ग्राम पंचायतें सफाई कर्मचारियों की कमी का सामना कर रही हैं, तब स्थानांतरित होकर आए कर्मचारी एक महीने से ब्लॉक मुख्यालय पर क्यों उपस्थित हो रहे हैं। यदि तैनाती प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती, तो गांवों में सफाई व्यवस्था बेहतर हो सकती थी। इस संबंध में पंचायत एडीओ सुशील कुमार ने बताया कि जो कर्मचारी पहले स्थानांतरित होकर आए थे, उन्हें ग्राम पंचायतें आवंटित कर दी गई हैं। कुछ कर्मचारियों का आवंटन अभी शेष है, जिसके लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को अनुमोदन हेतु पत्र भेजा गया है। अनुमोदन प्राप्त होते ही शेष कर्मचारियों की भी संबंधित ग्राम पंचायतों में तैनाती कर दी जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
कप्तानगंज में 33 सफाई कर्मियों की तैनाती अटकी:एक महीने से ब्लॉक मुख्यालय पर दे रहे हाजिरी, गांवों में गंदगी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











