बदायूं। आगामी श्रावण मास में प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने श्रद्धालुओं की सुविधा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही आमजन एवं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान त्वरित सहायता एवं प्रभावी समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित आईसीसीसी कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05832-266049, 05832-266050, 05832-266052 एवं 05832-266054 तथा मोबाइल नंबर 7505389289 एवं 7505395940 जारी किए गए हैं। इसी प्रकार पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454402956 एवं 9454417440 पर भी किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त कछला पुलिस चौकी, थाना कोतवाली उझानी, थाना कोतवाली बदायूं तथा थाना सिविल लाइंस में भी नियंत्रण कक्ष संचालित रहेंगे, जहां से यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी चिन्हित नियंत्रण कक्षों में तीन पालियों में 8-8 घंटे की ड्यूटी करेंगे। प्रत्येक विभाग अपने कर्मचारियों की समयबद्ध तैनाती सुनिश्चित करेगा तथा प्रतिस्थानी कर्मचारी के कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत ही ड्यूटी समाप्त होगी, जिससे व्यवस्थाओं में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने एआरएम रोडवेज़ को निर्देशित किया है कि 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शुक्रवार सायं 8 बजे से सोमवार सायं 5 बजे तक लागू रहने वाले रूट डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवर्तित मार्गों की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को उनके चढ़ने एवं उतरने के स्थान, परिवर्तित मार्ग तथा निर्धारित किराये की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परिवहन निगम के चालक एवं परिचालक यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं शालीन व्यवहार करें तथा यात्रा अवधि में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित रखें। कछला गंगा घाट पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि यातायात, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा, आपात स्थिति अथवा सूचना के लिए जारी कंट्रोल रूम नंबरों का उपयोग करें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं।












