HomeHealth & Fitnessदर्दनाक हादसा: खेत की झोपड़ी पर गिरी आकाशीय बिजली, दादा-दादी और पौत्र...

दर्दनाक हादसा: खेत की झोपड़ी पर गिरी आकाशीय बिजली, दादा-दादी और पौत्र की मौत

  • तेज बारिश के दौरान हुआ हादसा।
  • झोपड़ी में सो रहे थे तीनों सदस्य।
  • मौके पर ही तीनों की मौत।

चित्तौड़गढ़। कनेरा थाना क्षेत्र के गांव लुनखन्दा में सोमवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। ये सभी फसल की रखवाली के लिए खेत पर बने झोंपड़े में सोए हुवे थे।

मृतकों में दादा, दादी और पौत्र शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के शव को कनेरा चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है, जिनके मंगलवार को पोस्टमार्टम हुए।

कनेरा थाने के एएसआई महेंद्र कुमार जाट ने बताया कि थाना क्षेत्र में आने वाले गांव लुनखन्दा निवासी बद्रीलाल भील, इसकी पत्नी चंद्रीबाई और पौत्र विशाल रात को खेत में बनी की झोपड़ी में सो रहे थे।

ये फसल की रखवाली के लिए गांव से करीब दो किलोमीटर दूर अनोपपूरा – सुखानंदजी मार्ग स्थित खेत पर रुके थे। सोमवार रात क्षेत्र में तेज बरसात के साथ बादल गरज रहे थे।

इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिरी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि मृतक बद्रीलाल और इसका पुत्र खेत पर अलग-अलग झोपड़ों में रहते हैं।

हादसे के समय बद्रीलाल, पत्नी चंद्रीबाई और पौत्र विशाल एक ही झोपड़ी में सोए हुए थे। तेज धमाके की आवाज सुन कर पास की झोपड़ी में सोया पुत्र और बहू दौड़ कर आए।

अंदर जाकर देखा तो तीनों के शरीर से धुआं निकल रहा था। पुत्र ने ग्रामीणों को सूचना की। सूचना मिलने पर ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर आए। तीनों को तुरंत कनेरा सीएचसी ले जाया गया।

यहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कनेरा थाने के एएसआई महेंद्र कुमार मय जाप्ता मौके और अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने तीनों के शव कनेरा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाए हैं। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments