HomeHealth & Fitnessजयमाला के बाद दुल्हन ने किया शादी से इनकार, यह रही बड़ी...

जयमाला के बाद दुल्हन ने किया शादी से इनकार, यह रही बड़ी वजह

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक शादी समारोह उस समय अचानक रुक गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन ने सात फेरे लेने से इनकार कर दिया। उसने दूल्हे के सामने स्वीकार किया कि वह किसी और से प्रेम करती है और उसी के साथ अपना भविष्य देखती है। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत हुई और पुलिस की मौजूदगी में आपसी सहमति से विवाह निरस्त कर दिया गया। बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र से बारात फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित मैनपुरी रोड के एक होटल में पहुंची थी। दुल्हन का परिवार कानपुर नगर के पनकी इलाके का रहने वाला है। शादी की सभी रस्में सामान्य ढंग से चल रही थीं। रात करीब नौ बजे दूल्हा-दुल्हन ने मंच पर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और माहौल उत्सवमय था।

जयमाला के कुछ देर बाद दुल्हन अचानक रोने लगी। जब दूल्हे और परिजनों ने वजह पूछी तो उसने अपने मोबाइल में एक युवक की तस्वीर दिखाते हुए बताया कि वह उससे प्रेम करती है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है। उसने यह भी कहा कि परिवार की इच्छा के कारण यह रिश्ता तय हुआ, लेकिन वह अपनी मर्जी के खिलाफ शादी नहीं कर सकती।

दूल्हे ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभालते हुए दुल्हन की उसके प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कराई। बातचीत के बाद यह स्पष्ट हो गया कि दुल्हन अपने फैसले पर अडिग है। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच शादी में हुए खर्च और अन्य लेनदेन को लेकर चर्चा हुई। आपसी सहमति बनने के बाद विवाह रद्द करने का निर्णय लिया गया और बिना किसी विवाद या हंगामे के बारात वापस लौट गई।

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया और किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी। इसलिए इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments