बहराइच के बलहा विकासखंड की रजवापुर ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। गांव की गलियां जलभराव और गंदगी से भरी हैं, जबकि सार्वजनिक शौचालय की हालत भी बेहद खराब है। ग्रामीणों का आरोप है कि बजट मिलने के बावजूद सफाई व्यवस्था धरातल पर नजर नहीं आ रही और जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सड़कों पर जलभराव, ग्रामीण परेशान रजवापुर ग्राम पंचायत में जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से ग्रामीणों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। जलभराव के कारण रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक शौचालय की हालत बदतर गांव का सार्वजनिक शौचालय खुद बदहाली का शिकार है। शौचालय के दरवाजे टूटे पड़े हैं, वॉश बेसिन के पाइप गायब हैं, सीटों पर गंदगी जमी हुई है और बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हैं। स्वच्छता के लिए बनाए गए इस शौचालय की स्थिति ग्रामीणों में नाराजगी का कारण बनी हुई है। सफाईकर्मियों की कमी का हवाला ग्राम पंचायत अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि शौचालय की सफाई स्वयं सहायता समूह के माध्यम से कराई जाती है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में दो सफाईकर्मी तैनात हैं, लेकिन एक ब्लॉक में अटैच है और दूसरा अन्य स्थान पर कार्यरत है, इसलिए गांव में नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने लगाए लापरवाही के आरोप ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी उसका समुचित उपयोग नहीं कर रहे हैं। उनका आरोप है कि शिकायत करने पर केवल जल्द समाधान का आश्वासन मिलता है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। बीमारियों का बढ़ा खतरा लगातार जलभराव और फैली गंदगी के कारण गांव में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन से कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने, सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत कराने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वच्छता केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर भी दिखाई देनी चाहिए।
बहराइच के रजवापुर में बदहाल सफाई व्यवस्था:गंदे पानी से लबालब सड़कें, सार्वजनिक शौचालय बना खुद गंदगी का अड्डा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












