Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में पूज्य राघव ऋषि की भागवत कथा शुरू:कलश यात्रा के साथ...

बस्ती में पूज्य राघव ऋषि की भागवत कथा शुरू:कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वक्ता पूज्य राघव ऋषि जी की श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। ऋषि सेवा समिति, बस्ती के तत्वावधान में रोडवेज तिराहा स्थित एक मैरेज हॉल में यह कथा आयोजित की जा रही है। कथा के शुभारंभ से पूर्व हनुमानगढ़ी मंदिर से एक कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर भ्रमण करते हुए कथास्थल पहुंची। पीले वस्त्र धारण किए महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर मंगलगीत गाए। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कथा के प्रथम दिवस पूज्य राघव ऋषि जी ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास में भागवत कथा का श्रवण अत्यंत पुण्यदायी होता है। यह कथा मनुष्य के तीनों प्रकार के तापों का नाश कर उसे परमात्मा से जोड़ती है। राघव ऋषि जी ने बताया कि आनंद बाहर नहीं, बल्कि प्रत्येक मनुष्य के भीतर विद्यमान है। उन्होंने दूध के मंथन से मक्खन प्राप्त होने का उदाहरण देते हुए कहा कि इसी प्रकार मन का मंथन करने पर आत्मिक आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी भगवान की भक्ति और आत्मकल्याण का मार्ग अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर पूज्य राघव ऋषि जी के सुपुत्र सौरभ ऋषि जी ने गणपति वंदना प्रस्तुत की। कथा में शुकदेव-परीक्षित संवाद, कथामृत की महिमा तथा ज्ञान और वैराग्य के महत्व का वर्णन किया गया। आत्मदेव, धुंधली और धुंधकारी के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने संतों की कृपा और भागवत श्रवण से जीव के कल्याण को संभव बताया। राघव ऋषि जी ने महाभारत के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि मोह और अन्याय विनाश का कारण बनते हैं, जबकि त्याग और धर्म ही जीवन को सफल बनाते हैं। कथा के दौरान पंकज गुप्ता ने पोथी पूजन एवं व्यास पूजन किया। आरती में अरविंद अग्रवाल, महेंद्र गुप्ता, आशीष गुप्ता, रामप्रकाश गुप्ता, गोविंद गुप्ता, सुनील गुप्ता, सुभाष गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, शंकर दयाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ऋषि सेवा समिति ने बताया कि मंगलवार को कपिलोपाख्यान, देवहूति-कर्दम संवाद एवं ध्रुव चरित्र का वर्णन किया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments