आगरा। इरादतनगर थाना क्षेत्र के दारापुरा गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मंदिर के ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के कारण मंदिर के त्रिशूल में करंट आ गया। यह करंट त्रिशूल की सरिया और उससे लटकी लोहे की जंजीर से जुड़े घंटों तक फैल गया।
दुर्भाग्यवश, इसी दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना करने आई 49 वर्षीय पुष्पा, पत्नी नीरज बाबू, करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उनकी दुखद मृत्यु हो गई।
ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि यह विद्युत लाइन काफी समय से मंदिर के पास से गुजर रही थी और इसमें किसी अनहोनी की आशंका पहले से थी। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही उजागर करते हुए उच्च अधिकारियों से मामले की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।यह हादसा विद्युत सुरक्षा की गंभीर उपेक्षा को दर्शाता है, जिसमें एक अनमोल जीवन खो गया।











