Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कप्तानगंज BEO कार्यालय, कस्तूरबा विद्यालय में गंदगी का अंबार:बरसात में जलभराव से...

कप्तानगंज BEO कार्यालय, कस्तूरबा विद्यालय में गंदगी का अंबार:बरसात में जलभराव से बच्चों की सुरक्षा खतरे में

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जनपद के कप्तानगंज नगर पंचायत स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में भारी गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। बरसात के मौसम में यह स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे यहां रहने वाली छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छोटी उम्र की बालिकाएं रहकर शिक्षा प्राप्त करती हैं। परिसर में फैली गंदगी और जलभराव सीधे तौर पर उनकी सेहत और सुरक्षा को प्रभावित करता है। जिले में हाल ही में सर्पदंश से हुई कई मौतों ने इस लापरवाही की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। इन गंभीर परिस्थितियों के बावजूद, शिक्षा विभाग के अधिकारी परिसर की साफ-सफाई को लेकर उदासीन बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर की यह दुर्दशा विभागीय लापरवाही को उजागर करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जिम्मेदार अधिकारी अपने कार्यालय की व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे, तो अन्य विद्यालयों की निगरानी कैसे होगी। फिलहाल, गंदगी और जलभराव को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई होती नहीं दिख रही है। स्थानीय निवासी सुमित चौधरी, राहुल सिंह, विवेक कनौजिया और संजय अफजल सहित अन्य लोगों ने जल्द से जल्द साफ-सफाई की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular