बांदा: परिवार का सहारा बनने के लिए घर से निकला 26 वर्षीय युवक जिंदगी की जंग हार गया। दिल्ली में एक मकान की पेंटिंग करते समय लोहे के गेट में उतरे करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही युवक के गांव में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
कटी बिजली केबल से गेट में उतरा करंट
जानकारी के मुताबिक, बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव के अंश बनई पुरवा निवासी ओंकार दिल्ली में मजदूरी कर रहा था। काम के दौरान पास में चल रही हैमर मशीन की बिजली केबल कटी हुई थी, जो अचानक लोहे के गेट के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते पूरे गेट में करंट फैल गया और पेंटिंग कर रहा ओंकार उसकी चपेट में आ गया।
Also Read: UP: चंदौली में खड़े ट्रैक्टर से टकराया तेज रफ्तार ऑटो, चालक केबिन में फंसा; हालत गंभीर
साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बची जान
करंट लगने से ओंकार को तेज झटका लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। उसके साथ काम कर रहे चचेरे भाई छोटू और बड़कू ने तुरंत पहुंचकर बिजली का कनेक्शन काटा और उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घर पहुंचा शव तो मचा कोहराम
ओंकार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। जैसे ही उसका शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जो युवक सुबह काम के लिए निकला था, वह शाम को शव बनकर लौट आया।
Also Read: UP: सड़क हादसे में गिरे 2.50 लाख, पुलिस ने ईमानदारी से मालिक को लौटाई पूरी रकम
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बिसंडा थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि मजदूरी के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













