#बस्ती_न्यूज
लालगंज थाना क्षेत्र में घर पर प्रसव के दौरान एक 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि हालत बिगड़ने के बावजूद महिला को समय पर अस्पताल नहीं भेजा गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। यह घटना लालगंज थाना क्षेत्र के बैजनाथ जोत में हुई, जहां एएनएम मंजू देवी ने सोमवार शाम करीब चार बजे अपने घर पर नंदपुर गांव निवासी राधिका (24), पत्नी दीपक का प्रसव कराया। प्रसव के दौरान राधिका का ब्लड प्रेशर लगातार कम होने लगा और उसकी हालत बिगड़ने लगी। मृतका के पति दीपक का आरोप है कि गंभीर स्थिति होने पर एएनएम ने राधिका को अस्पताल ले जाने के बजाय एक झोलाछाप चिकित्सक को बुलाकर दवा दिलवाई। परिजनों ने कई बार महिला को बड़े अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। समय बीतने के साथ प्रसूता की हालत और नाजुक होती चली गई। रात करीब नौ बजे जब राधिका की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई, तब उसे महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ओपेक अस्पताल कैली की इमरजेंसी में लाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ. वंदना ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही और समय पर रेफर न करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया होता तो महिला की जान बच सकती थी। लालगंज थानाध्यक्ष विनय पाठक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में घर में प्रसव के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












