#बस्ती_न्यूज
नगर क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक शादी टूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना नगर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि पहले बिना दहेज शादी का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में नकद रुपये और सोने के आभूषणों की मांग कर विवाह से इनकार कर दिया गया। थाना नगर क्षेत्र के छबैला निवासी आदित्य सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन दीपांजलि सिंह का विवाह सुल्तानपुर जनपद के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी नीलरत्न सिंह उर्फ छोटू से तय हुआ था। 16 नवंबर 2025 को अंबेडकरनगर के राजदरबार होटल में गोदभराई की रस्म संपन्न हुई। इस रस्म में वर पक्ष के 12 लोगों का स्वागत किया गया, जिसमें नगद राशि, कपड़े, दूल्हे को 11 हजार रुपये और लगभग पांच ग्राम की सोने की अंगूठी भेंट की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस कार्यक्रम में करीब तीन लाख रुपये खर्च हुए। इसके बाद बरीक्षा की रस्म भी संपन्न हुई, जिसमें लगभग दो लाख रुपये खर्च किए गए। तहरीर के अनुसार, बरीक्षा तक दहेज की कोई मांग नहीं की गई थी। हालांकि, बाद में वर पक्ष ने 10 लाख रुपये नकद दहेज की मांग रखी। बहन का रिश्ता बचाने के लिए शिकायतकर्ता इस मांग को मानने को तैयार हो गया। इसके बाद तिलक की तिथि 7 दिसंबर 2026 और विवाह की तिथि 10 मार्च 2027 तय की गई। आरोप है कि बाद में वर पक्ष ने अपनी मांग बढ़ाते हुए सोने का हार और चार सोने की चूड़ियां भी मांगीं। अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर शादी करने से इनकार कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि नीलरत्न सिंह ने युवती के व्हाट्सएप पर अभद्र संदेश भेजे, जबकि अन्य आरोपियों ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने नीलरत्न सिंह उर्फ छोटू, पम्मी सिंह, सुमन सिंह, राजरतन सिंह, गुंजन और मानस सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी रामप्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में दहेज की मांग पर शादी टूटी:10 लाख नकद, सोने का हार मांगने का आरोप; छह पर केस
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












