श्रावस्ती जनपद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) श्रावस्ती का एक दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग भिनगा के खैरागोरा स्थित शिवालिक महाविद्यालय में आयोजित किया गया। छह सत्रों में चले इस अभ्यास वर्ग में राष्ट्र निर्माण, छात्र नेतृत्व, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रमुख डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, जिला संयोजक सुधांशु, जिला छात्रा प्रमुख साक्षी त्रिपाठी और जिला संगठन मंत्री दिलीप ने किया। उन्होंने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद विभिन्न सत्रों में संगठन की कार्यप्रणाली और आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रांत सह संगठन मंत्री ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी परिषद का मुख्य उद्देश्य केवल छात्र संगठन चलाना नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए जिम्मेदार और चरित्रवान युवाओं का निर्माण करना है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को भी आवश्यक बताया। प्रांत सह मंत्री शिवम मिश्रा ने सदस्यता अभियान को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण गतिविधियों में से एक बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने का आह्वान किया। प्रांत कार्यसमिति सदस्य प्रज्ज्वल मिश्रा ने जानकारी दी कि इस वर्ष श्रावस्ती जिले में 26 हजार विद्यार्थियों को परिषद से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग संयोजक विराट शुक्ला ने कहा कि प्रत्येक इकाई को मजबूत बनाया जाएगा और नियमित प्रवास के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। जिला संयोजक सुधांशु ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि परिषद छात्र हित और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करेगा। इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री अंकुल राठौर, प्रांत जनजातीय कार्य संयोजक आदर्श शुक्ल, पूर्व जिला संयोजक आकाश कसौधन, राजेंद्र शर्मा, आशुतोष मिश्रा, मानस कसौधन, विवेक पाठक, मोहित शर्मा, अतुल शुक्ला, सुधांशु पांडेय, आशीष सिंह, शशांक, शिवम, अभिजीत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
26 हजार विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य:अभाविप ने बनाई कार्ययोजना, राष्ट्र निर्माण और सदस्यता अभियान पर हुआ मंथन,
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












