*
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित *मिशन शक्ति फेज–05 (द्वितीय चरण)* के अंतर्गत *जिलाधिकारी श्री अश्विनी कुमार पांडेय* एवं *पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* के नेतृत्व में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु लव कुश सभागार, पुलिस लाइन श्रावस्ती में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के उपरांत *अपर पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश चंद्र उत्तम* के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है, जिसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इसके उपरांत *स्कूटी रैली* की वीडियो प्रस्तुति एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों का संक्षिप्त वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की सक्रिय भूमिका को प्रदर्शित किया गया।
इसी क्रम में *रिक्रूट आरक्षी द्वारा “नारी तुम केवल श्रद्धा हो” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति* ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया तथा नारी सम्मान एवं सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश दिया। साथ ही *NGO गुलिस्ता फाउंडेशन महिला टीम द्वारा बाल विवाह विषय व दहेज प्रथा* जैसी कुरीतियों पर आधारित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मिशन शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में संबोधन के क्रम में *जिलाधिकारी श्री अश्विनी कुमार पांडेय* द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा मिशन शक्ति टीम को सहयोग प्रदान करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या को मिशन शक्ति टीम के माध्यम से अवगत कराया जाए, जिससे उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
तत्पश्चात *पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि महिला सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मविश्वास सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मिशन शक्ति टीम की कार्यप्रणाली एवं *मिशन शक्ति केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका* पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ये केंद्र महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श, सहायता एवं कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने एडीजी जोन महोदय द्वारा संचालित *बहू-बेटी सम्मेलन* के माध्यम से चल रहे जनजागरूकता अभियानों की जानकारी देते हुए बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं साझा करने का एक सुरक्षित मंच प्राप्त हो रहा है, जिससे उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं को महिला हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इसके उपरांत *मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद* द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें स्वरोजगार एवं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
*मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर एके सिंह* द्वारा *विश्व स्वास्थ्य दिवस* के अवसर पर महिला स्वास्थ्य, पोषण एवं मानसिक सुदृढ़ता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता को आवश्यक बताया गया।
*जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री मोहम्मद मुमताज* द्वारा बाल संरक्षण, महिला अधिकारों एवं विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया।
*बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार* द्वारा छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षित बालिका ही सशक्त समाज की आधारशिला होती है।
साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे मिशन शक्ति अभियान को केवल एक कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार, गांव एवं समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जब हर छात्रा जागरूक होगी, तभी समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत *प्रशस्ति पत्र वितरण* कर मिशन शक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला आरक्षियों *अर्चना शुक्ला, सुशीला कुमारी, बबली, अंजली सोनी, साधना, रवीना, कंचन देवी एवं मोहिनी विश्वकर्मा* को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में *अपर जिलाधिकारी श्री अमरेंद्र कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर श्री भरत पासवान, क्षेत्राधिकारी इकौना श्री आलोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी श्री सतीश कुमार शर्मा* सहित अध्यापिकाएं, विद्यालय की छात्राएं, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्तियां, विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधि, मिशन शक्ति टीम के अधिकारी/कर्मचारीगण, महिला बाल सुरक्षा संगठन के अधिकारी/कर्मचारीगण, समाज कल्याण विभा अधिकारी/कर्मचारीगण तथा पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
अंत में *क्षेत्राधिकारी श्री सतीश कुमार शर्मा* द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।












