Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)देवी पाटन में 'स्कूल चलो अभियान' रैली का आयोजन:बच्चों के नामांकन और...

देवी पाटन में ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली का आयोजन:बच्चों के नामांकन और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई, प्रेरक संदेश लिखे पोस्टर से जागरूक किया


तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्र के देवी पाटन में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक जागरूकता रैली निकाली गई। इसका उद्देश्य शैक्षिक स्तर को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना था। यह रैली प्राथमिक विद्यालय प्रथम, प्राथमिक विद्यालय द्वितीय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय पाटन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की गई। रैली की शुरुआत देवी पाटन स्थित विद्यालय परिसर से हुई। इसमें छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यालय स्टाफ शामिल थे। सभी ने हाथों में तख्तियां और प्रेरक संदेश लिखे पोस्टर ले रखे थे। रैली देवी पाटन विद्यालय से होते हुए ग्राम मंदिर मार्ग, सीरिया नदी क्षेत्र और देवी पाटन वार्ड में भ्रमण करते हुए लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस दौरान शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया। उन्होंने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। रैली में शामिल बच्चों ने उत्साहपूर्वक “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे” और “शिक्षा है अनमोल रतन, सब मिलकर इसका करो जतन” जैसे प्रेरक नारे लगाए, जिससे वातावरण गूंज उठा। बच्चों का उत्साह देखकर अभिभावक और ग्रामीण भी प्रभावित हुए। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश दुबे, शिक्षिका दीप्ति अग्रवाल, प्राथमिक विद्यालय प्रथम की प्रधानाचार्या रश्मि जायसवाल और प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की प्रधानाचार्या अंजूम बानों सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। शिक्षकों ने बताया कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चे विद्यालय से जुड़कर अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकें। शिक्षकों ने अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन और अन्य सुविधाएं शामिल थीं। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के समग्र विकास का माध्यम है और एक शिक्षित समाज ही देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments