श्रावस्ती में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पॉलीक्लिनिक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार शाम एसडीएम इकौना रविंद्र कुमार और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के कई निजी अस्पतालों और पॉलीक्लिनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बीके पॉलीक्लिनिक में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसे सील कर दिया गया। संयुक्त टीम के निरीक्षण के दौरान बीके पॉलीक्लिनिक में कोई भी योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। आरोप है कि वहां एक स्वीपर मरीजों का इलाज कर रहा था और खुद को डॉक्टर बता रहा था। टीम ने जब पंजीकरण और अन्य वैध दस्तावेज मांगे तो संचालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने पॉलीक्लिनिक को सील कर दिया। कथित फर्जी डॉक्टर पर FIR दर्ज करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए कथित फर्जी चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बिना योग्य चिकित्सक और वैध अनुमति के मरीजों का इलाज करना कानून का उल्लंघन है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कई अस्पतालों की जांच, कमियां मिलने पर नोटिस संयुक्त टीम ने इकौना क्षेत्र के अन्य नर्सिंग होम और निजी पॉलीक्लिनिक का भी निरीक्षण किया। जहां आवश्यक दस्तावेजों या व्यवस्थाओं में कमियां मिलीं, वहां संचालकों को नोटिस जारी कर जल्द सुधार करने के निर्देश दिए गए। अवैध अस्पतालों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. दीपक शुक्ला ने कहा कि बिना वैध दस्तावेज और योग्य चिकित्सकों के किसी भी अस्पताल का संचालन नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि अवैध अस्पतालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और जांच में अनियमितता मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्रावस्ती में पॉलीक्लिनिक में मरीज देख रहा था स्वीपर:खुद को बता रहा था डॉक्टर; छापेमारी में अस्पताल सील, FIR के निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












