बख्शी का तालाब। थाना क्षेत्र में चंद्रिका देवी रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। किसी अज्ञात वाहन ने छात्र की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ने हादसे के वक्त हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसे उसकी मौत का मुख्य कारण माना जा रहा है।
सड़क पर लहूलुहान और मरणासन्न हालत में पड़े युवक को देखकर वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलवाई और गंभीर हालत में आदित्य को तुरंत इलाज के लिए सौ सैया अस्पताल ले गई। इसके साथ ही पुलिस ने आदित्य के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों को हादसे की खबर दी। सूचना मिलते ही रोते-बिलखते घरवाले जब तक अस्पताल पहुंचे, तब तक डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया था।
आदित्य अपने माता-पिता का सहारा था। उसके परिवार में पिता आसाराम, मां गंगा देवी, दो भाई और एक बहन हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यदि आदित्य ने हेलमेट पहना होता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।












