लखनऊ। कैंसर संस्थान में मरीजों के परिजनों एवं तीमारदारों को संस्थान परिसर में ही सम्मान पूर्वक,पौष्टिक एवं संतुलित भोजन मिल सके,इसके लिए अपनी थाली” एक स्लोगन के साथ शुरू होने जा रहा है। जिसमें मानसिक संतोष एवं शारीरिक ऊर्जा प्राप्त हो सके और वे अपने भर्ती मरीजों की बेहतर देखभाल एवं सहयोग कर सकें।
शुक्रवार को कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान,आरएवीसी फाउंडेशन एवं शारदा वेलफेयर सोसायटी के बीच संस्थान में मरीजों के तीमारदारों को “अपनी थाली” के अंतर्गत निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने के लिए एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान किया गया। समझौता ज्ञापन पर प्रो.एमएलबी.भट्ट,निदेशक,कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान,रोहित पाण्डेय,निदेशक,आरएवीसी फाउंडेशन तथा अतुल तिवारी,अध्यक्ष,शारदा वेलफेयर सोसायटी,द्वारा हस्ताक्षर किए गए तथा समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। प्रो.एमएलबी.भट्ट ने बताया ,यह एक सराहनीय एवं मानवीय पहल है,जिसके अंतर्गत आरएवीसी फाउंडेशन द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधि के तहत सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा शारदा वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से संस्थान परिसर में निर्धारित स्थान पर मरीजों के तीमारदारों को स्वस्थ,पौष्टिक एवं स्वच्छ निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी. भट्ट ने कहा कि मरीजों के साथ रहने वाले तीमारदारों की सुविधा एवं उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी संस्थान की प्राथमिकता है। “अपनी थाली” जैसी पहल न केवल जरूरतमंद परिजनों को राहत प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें कठिन समय में सम्मानजनक एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर मानव सेवा की भावना को भी सशक्त बनाएगी। इस अवसर पर संस्थान के डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. वरुण विजय, कार्यपालक कुलसचिव, डॉ. आयुष लोहिया, डॉ. गीतिका पंत (फूड इंचार्ज), डॉ. एस. श्रीवास्तव (सलाहकार, अनुसंधान एवं अकादमिक), केएसएसएससीआई तथा राम अनुज वर्मा, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आरएवीसी फाउंडेशन सहित संस्थान एवं संबंधित संस्थाओं के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












