लखनऊ । राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरी शादी करने और महिला के साथ धोखाधड़ी, मारपीट व धमकी देने वाले शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन की पुलिस टीम ने लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को प्रयागराज से पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता नेहा सिंह ने 18 सितंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने पहली पत्नी के जीवित रहते हुए उससे दूसरी शादी की। इतना ही नहीं, महिला के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी।मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर प्रयागराज के उतरांव थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ौना में दबिश देकर आरोपी संदीप कुमार (उम्र करीब 33 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्लॉटिंग और रिपोर्टिंग का काम करता है और अपने निजी शौक पूरे करने के लिए खुद ही फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरी शादी की।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
आपराधिक इतिहास भी सामने आया
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से प्रयागराज के अलग-अलग थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी और महिला से जुड़े अपराध शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।












