लखनऊ। विकासनगर थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से धोखाधड़ी करने के मामले में एक वांछित वारंटी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी एनजीओ के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य विभाग में भर्ती कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से धनराशि लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र व आईडी कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता चन्द्रमणि तिवारी की तहरीर पर थाना विकासनगर में अपराध संख्या 67/2026 दर्ज किया गया था। मामले में न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अनुपालन में पुलिस ने पारस नाथ खरवार उर्फ पारस नाथ प्रसाद (54) को उसके वर्तमान निवास नेहरू विहार, आदर्श नगर, गुडम्बा, लखनऊ से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि आरोपी “जीवन पथ फाउंडेशन” नाम से संस्था संचालित करता था। संस्था के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य विभाग के क्षय रोग (टीबी) जागरूकता अभियान में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया जाता था। अभ्यर्थियों से नियुक्ति और प्रशिक्षण के नाम पर धनराशि लेकर उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र (आईडी कार्ड) तथा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे और सह-अभियुक्तों के साथ मिलकर नियुक्ति पत्र तैयार किए जाते थे। पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन, 87 रुपये नकद, एक प्रेस आईडी कार्ड, एक आधार कार्ड, यूनियन बैंक का एक डेबिट कार्ड, 11 विजिटिंग कार्ड और दो चाबी के गुच्छे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।












