बहराइच के नवाबगंज थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। पुलिस चौकी संतलिया क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय हैं, लेकिन राजस्व विभाग और खनन अधिकारी शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जिलाधिकारी बहराइच ने अवैध मिट्टी खनन पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे, लेकिन नवाबगंज थाना क्षेत्र में इन आदेशों का पालन नहीं हो रहा है। राजस्व और खनन विभाग के अधिकारी इन आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। तहसील नानपारा के अंतर्गत नवाबगंज सीमावर्ती क्षेत्र के लक्ष्मनपुर, लोहसरवा, जानकीगांव, होलिया, गांगपुर, गुलरियां, छोटिया गांव, फुलटेकरा, भंगहर, राजा पुरवा, मजगवां और अड़बड़वा सहित कई गांवों में देर रात से सुबह तक कृषि उपजाऊ भूमि से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली की गड़गड़ाहट से उनकी नींद खराब होती है, और दिनभर धूल उड़ती रहती है। सहज राम, रामकिशन, शिवम और नादिर जैसे ग्रामीणों ने शिकायत की कि जब वे क्षेत्रीय लेखपाल से बात करते हैं, तो उन्हें जवाब मिलता है कि इतनी सुबह वे मौके पर नहीं जा सकते और उन्हें उच्च अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी जाती है। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक मिश्रीलाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नवाबगंज में अवैध खनन, शिकायत पर भी कार्रवाई:जिलाधिकारी के आदेशों की अनदेखी, राजस्व विभाग कुंभकर्णी नींद में
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












