जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 08.07.2026 को *अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विशाल पाण्डेय* द्वारा थाना कोतवाली जरवा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना कार्यालय, यक्ष (YAKSH) ऐप, साइबर हेल्फ डेस्क, कार्यालय के अभिलेखों/ रजिस्टरों एवं कार्यालय व्यवस्था का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
*पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विकास कुमार* के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की प्रभावी निगरानी तथा विवेचनाओं को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से यक्ष (YAKSH) ऐप का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, गैंग सदस्यों, माफियाओं एवं वांछित अभियुक्तों से संबंधित सूचनाओं का एकीकृत डिजिटल डाटाबेस उपलब्ध है। इससे पुलिस अधिकारियों को त्वरित, सटीक एवं तथ्यपरक निर्णय लेने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी निगरानी में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त हो रही है।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महोदय ने यक्ष ऐप पर उपलब्ध डाटा, अभिलेखों के अद्यतनकरण एवं उसके नियमित उपयोग की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐप पर उपलब्ध सभी सूचनाएं समयबद्ध, शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से अपडेट की जाएं, जिससे तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐप के विभिन्न फीचर्स, डाटा प्रविष्टि, निगरानी प्रणाली एवं दैनिक पुलिस कार्यों में इसके अधिकतम उपयोग के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
भ्रमण के दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना परिसर में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीड़िता के साथ सम्मानजनक एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत नियमित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्प डेस्क एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग, संवेदनशील कार्यशैली एवं जनसहभागिता के समन्वय से ही सुरक्षित, सशक्त एवं अपराधमुक्त समाज की स्थापना संभव है।
भ्रमण के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना परिसर एवं कार्यालय व्यवस्था का निरीक्षण कर अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, प्रभावी पुलिसिंग तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।











