ग्राम पंचायत अमारेभरिया से श्रीजोत ग्राम को जोड़ने वाला मुख्य चकमार्ग पिछले कई महीनों से जर्जर हालत में है। मार्ग की मरम्मत या निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। ग्रामीण अभिषेक पांडेय, सोनू यादव और हुकूमचंद सोनू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण रास्ते में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और कीचड़ भर गया है। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे भी रोजाना गिरते-पड़ते स्कूल जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार पंचायत और ब्लॉक कार्यालय में लिखित शिकायतें दी हैं। हालांकि, इन शिकायतों के बावजूद चकमार्ग की पटाई या निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। हार्वेस्टिंग के दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली का निकलना मुश्किल हो जाता है, जिससे किसानों की फसलें समय पर घर तक नहीं पहुंच पातीं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त, बीमार और बुजुर्गों को आपात स्थिति में अस्पताल ले जाने में भी कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
अमारेभरिया-श्रीजोत चकमार्ग कई महीनों से जर्जर:बारिश से गड्ढे, कीचड़; किसानों-छात्रों को आवागमन में दिक्कत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












