
थाना मल्हीपुर क्षेत्र के बीरगंज बाजार में होली का पर्व बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। बाजार रंगों की बौछार और ढोल-नगाड़ों की गूंज से सराबोर रहा। सुबह से ही युवाओं और बच्चों की टोलियां एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देती दिखीं। लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। कई स्थानों पर पारंपरिक फगुआ गीतों और डीजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना मल्हीपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस बल ने बाजार क्षेत्र में लगातार गश्त कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। प्रशासन की सतर्कता के बीच होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्र में प्रेम, सौहार्द और आपसी एकता की मिसाल देखने को मिली।











































