- सिपाही सुनील यादव ने पूछे सवाल, तो हेड कांस्टेबल अपना आपा खो बैठे
बख्शी का तालाब। महिगवां थाने से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर इस समय एक ऑडियो रिकॉर्डिंग तेजी से वायरल हो रही है, जिसने पुलिस महकमे की साख पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वायरल ऑडियो में महिगवां थाने के हेड कांस्टेबल अनिग पाल पर अपने ही साथी कर्मचारी से बेहद गंदी और अभद्र भाषा में बात करने का आरोप लगा है।
इंटरनेट पर घूम रहे इस ऑडियो को लेकर चारों तरफ तरह-तरह की बातें शुरू हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल अनिग पाल इलाके में गैरकानूनी तरीके से लकड़ी कटवाने का धंधा करवाते हैं। जब थाने के ही एक सिपाही सुनील यादव ने इस मामले को लेकर उनसे कुछ सवाल पूछे, तो हेड कांस्टेबल अपना आपा खो बैठे। आरोप है कि, उन्होंने सिपाही के साथ बेहद बदतमीजी की और मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि, जब पुलिस का एक बड़ा कर्मचारी अपने ही साथी के साथ ऐसा बर्ताव कर सकता है, तो आम जनता के साथ उसका रवैया कितना खराब होता होगा। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी हेड कांस्टेबल अनिग पाल पिछले करीब 27 वर्षों से लखनऊ में ही जमे हुए हैं।अब हर किसी की नजरें पुलिस के बड़े अफसरों पर टिकी हैं। लोगो के मन में यही है कि, इस ऑडियो की सच्चाई सामने आने के बाद सीनियर अधिकारी इस पर क्या कड़ा एक्शन लेते हैं।












